ELECTRONIC ARTS
उपयोगकर्ता अनुबंध



जब आप हमारे गेम्स या हमारी किसी भी सेवा का उपयोग करते हैं तो आप इन नियमों से सहमत होते हैं।

EA में आपका स्वागत है। यह अनुबंध EA और उसकी अनुषंगी कंपनियों ("EA") द्वारा पेश किए गए उत्पादों, कंटेन्ट और सेवाओं की आपकी पहुँच और उपयोग को नियंत्रित करता है, जैसे गेम सॉफ़्टवेयर और संबंधित अपडेट्स, अपग्रेड और सुविधाएँ, और सभी ऑनलाइन और मोबाइल सेवाएँ, प्लेटफ़ॉर्म, वेबसाइट्स, और EA द्वारा होस्ट किए गए या उससे जुड़े लाइव ईवेंट्स (सामूहिक रूप से "EA सेवाएँ")। यह अनुबंध आपके और नीचे दिए गए अनुभाग 13B में सूचीबद्ध EA इकाई के बीच है।

यदि आप सहमत नहीं हैं, तो कृपया हमारे गेम्स या सेवाओं को स्थापित या उनका उपयोग न करें।

EA सेवाओं का उपयोग करने पर , आप इन नियमों से सहमत हैं। यदि आप सहमत नहीं हैं, तो EA सेवाओं को स्थापित या उनका उपयोग न करें। कुछ देशों के निवासियों के लिए, आप EA के साथ किसी भी विवाद को हल करने के लिए अनुभाग 15 में वर्णित मध्यस्थता अनुबंध और सामूहिक कार्रवाई अधित्याग से सहमत हैं।


विषय-सूची

  1. EA खाता
  2. लाइसेंस
  3. कंटेन्ट और हक़दारी
  4. EA सेवाओं और अपडेट्स की उपलब्धता
  5. आपका UGC
  6. आचरण नियमावली
  7. गेम्स
  8. समाप्ति और अन्य प्रतिबंध
  9. डेटा का उपयोग
  10. अन्य सॉफ़्टवेयर, यूटिलिटीज़ और टूल्स
  11. तृतीय पक्ष
  12. वॉरन्टी; देयता की सीमा
  13. सामान्य नियम
  14. इस अनुबंध में बदलाव
  15. बाध्यकारी मध्यस्थता द्वारा विवाद समाधान
  16. PlayStation® के लिए अनुपूरक नियम
  17. मोबाइल डिवाइसेस हेतु ख़रीदारियों पर लागू अनुपूरक नियम

1. EA खाता

आपको अधिकांश EA गेम्स खेलने के लिए एक EA खाते की आवश्यकता होती है। इसे बनाने के लिए, आपको कम-से-कम न्यूनतम आयु का होना चाहिए और यदि आप अवयस्क हैं तो आपके माता-पिता को इन नियमों को पढ़ना चाहिए और इन पर सहमत होना चाहिए। यदि आप इस अनुबंध को तोड़ते हैं तो EA आपके खाते को निलंबित या समाप्त कर सकता है। आप किसी भी समय अपने EA खाते या किसी भी EA सदस्यता को रद्द कर सकते हैं।

आपको ऑनलाइन खेलने सहित कई EA सेवाओं तक पहुँचने और उनका उपयोग करने के लिए एक EA खाते की आवश्यकता होती है।

EA खाता बनाने के लिए, आपके पास एक वैध ईमेल पता होना चाहिए, और आपको सच्ची और सही जानकारी देनी चाहिए। आपको उस EA सेवा का उपयोग करने के लिए पात्र होना चाहिए जिसके लिए आप पंजीकरण कर रहे हैं और आप उस देश के निवासी होने चाहिए जहाँ EA सेवाओं के उपयोग की अनुमति है।

EA खाता बनाने के लिए आपकी आयु कम-से-कम 13 वर्ष (या आपके निवास के देश की न्यूनतम आयु) होनी आवश्यक है। यदि आपकी आयु प्रासंगिक न्यूनतम आयु और 18 (या जहाँ आप रहते हैं वहाँ वयस्कता की आयु) के बीच है, तो आपको और आपके माता-पिता या अभिभावक को एक साथ इस अनुबंध की समीक्षा करनी चाहिए और इस पर सहमत होना चाहिए। 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों द्वारा, EA सेवाओं के उपयोग के दौरान किए जाने वाले कृत्यों के लिए उनके माता-पिता और अभिभावक ज़िम्मेदार हैं। EA अनुशंसा करता है कि माता-पिता और अभिभावक अपने बच्चे को दिए डिवाइसेज़ पर अभिभावकीय नियंत्रण के साथ ख़ुद को परिचित करें।

आप अपने EA खाते पर होने वाली गतिविधि के लिए ज़िम्मेदार हैं। यह आपका है, इसे शेयर न करें। यदि कोई और व्यक्ति इस अनुबंध का उल्लंघन करने वाली गतिविधि में संलग्न होने के लिए आपके EA खाते का उपयोग करता है तो आपका EA खाता निलंबित या समाप्त किया जा सकता है।

आप अपने EA खाते या किसी EA सेवा की सदस्यता को किसी भी समय help.ea.com/in/ पर EA के ग्राहक सेवा विभाग से संपर्क करके रद्द कर सकते हैं। आपके अनुरोध को पूरा करने के लिए, EA शुल्क या लागत एकत्र कर सकता है, बशर्ते क़ानून द्वारा अनुमति दी गई हो, और तृतीय पक्ष विक्रेताओं या कंटेन्ट प्रदाताओं को जो भी राशि देय हो वह एकत्र कर सकता है।

2. लाइसेंस

EA आपको अपने व्यक्तिगत आनंद के लिए हमारे गेम्स और सेवाओं तक पहुँच प्रदान करता है।

EA सेवाएँ आपको लाइसेंस पर दी गई हैं, बेची नहीं गई हैं। EA आपको उन EA सेवाओं का उपयोग करने के लिए एक व्यक्तिगत, सीमित, नॉन-ट्रांसफ़रेबल (अर्थात, शेयर करने के लिए नहीं), रद्द करने योग्य और ग़ैर-अनन्य लाइसेंस प्रदान करता है, जिसके लिए आपके पास इस अनुबंध के आपके अनुपालन के अधीन, आपके ग़ैर-वाणिज्यिक उपयोग के लिए एक्सेस है। आप किसी भी EA सेवा, कंटेन्ट या हक़दारी (जैसा इन नियमों को नीचे परिभाषित किया गया है) तक तब तक पहुँच नहीं सकते हैं, उनकी प्रतिलिपि नहीं बना सकते हैं, उनमें संशोधन या उनका वितरण नहीं कर सकते हैं जब तक आपको EA द्वारा स्पष्ट रूप से अधिकृत न किया गया हो या क़ानून ने अनुमति न दी हो। आप EA सेवाओं को रिवर्स इंजीनियर नहीं कर सकते हैं या उनसे स्रोत कोड या अन्य डेटा निकालने या अन्यथा उपयोग करने का प्रयास नहीं कर सकते हैं, तब के सिवाय जब EA द्वारा स्पष्ट रूप से अधिकृत किया गया हो या क़ानून द्वारा अनुमति दी गई हो। EA या उसके लाइसेंसदाताओं के पास अन्य सभी अधिकार हैं और सुरक्षित हैं, जिनमें EA सेवाओं और संबंधित बौद्धिक संपदा अधिकारों में सभी अधिकार, स्वत्वाधिकार और हित शामिल हैं।

3. कंटेन्ट और हक़दारी

EA हक़दारी की एक शृंखला के माध्यम से गेम्स, सुविधाएँ और कंटेन्ट प्रदान करता है। कुछ हक़दारी आभासी मुद्रा के उपयोग से प्राप्त होती हैं और उक्त आभासी मुद्रा का हमारे गेम्स के बाहर कोई मूल्य नहीं है।

EA सेवाओं में कंटेन्ट और हक़दारी शामिल हैं। कंटेन्ट का अर्थ सॉफ़्टवेयर, प्रौद्योगिकी, पाठ, मंच पोस्ट, चैट पोस्ट, प्रोफ़ाइल, विजेट, संदेश, लिंक, ईमेल, संगीत, ध्वनि, ग्राफिक्स, चित्र, वीडियो, कोड, और EA सेवाओं पर दिखने वाली या उनसे आने वाली समस्त ऑडियो विज़ुअल या अन्य कंटेन्ट से, और हमारी वेबसाइट्स की डिज़ाइन और दिखावट से है। कंटेन्ट में उपयोगकर्ता-जनित कंटेन्ट ("UGC") भी शामिल है। UGC में EA खाता व्यक्तित्व, मंच पोस्ट, प्रोफ़ाइल कंटेन्ट और EA सेवाओं में उपयोगकर्ताओं द्वारा योगदान किए गए अन्य कंटेन्ट शामिल हैं। सभी कंटेन्ट या तो EA या इसके लाइसेंसदाताओं के स्वामित्व में है, या नीचे दिए गए अनुभाग 5 के अनुसार EA और इसके लाइसेंसदाताओं को लाइसेंस पर दिए गए हैं।

हक़दारी वे अधिकार हैं जिन्हें EA सेवाओं के ऑनलाइन या ऑफ़-लाइन घटकों तक पहुँचने या उनका उपयोग करने के लिए EA आपको लाइसेंस पर देता है। हक़दारी के उदाहरणों में डिजिटल या अनलॉक करने योग्य कंटेन्ट तक पहुँच; अतिरिक्त या बढ़ी हुई कार्यक्षमता (मल्टीप्लेयर सेवाएँ शामिल); सदस्यताएँ; आभासी संपत्तियाँ; अनलॉक कुंजियाँ या कोड, सीरियल कोड या ऑनलाइन प्रमाणीकरण; इन-गेम उपलब्धियाँ; और आभासी अंक, सिक्के, या मुद्राएँ शामिल हैं।

हम इन आभासी अंकों, सिक्कों या मुद्राओं को "EA आभासी मुद्रा" कहते हैं। जब आप हमसे या हमारे अधिकृत भागीदारों से EA आभासी मुद्रा प्राप्त करते हैं, तो आपको EA द्वारा स्पष्ट रूप से आपके लिए उपलब्ध की गईं हक़दारियों तक पहुँचने और उन्हें चुनने का एक व्यक्तिगत, सीमित, असमनुदेशनीय, ग़ैर-अनन्य और रद्द करने योग्य लाइसेंस प्राप्त होता है।

EA आभासी मुद्रा का कोई मौद्रिक मूल्य नहीं है और उसका हमारे उत्पादों और सेवाओं के बाहर कोई मूल्य नहीं है। EA आभासी मुद्रा की बिक्री, उसका व्यापार, हस्तांतरण या नक़दी के लिए विनिमय नहीं किया जा सकता है; उसे केवल EA सेवा के लिए उपलब्ध हक़दारी के लिए भुनाया जा सकता है। EA आभासी मुद्रा धनवापसी योग्य नहीं है, और आप किसी भी अप्रयुक्त EA आभासी मुद्रा के लिए धनवापसी के हक़दार नहीं हैं। जब आप किसी हक़दारी के लिए EA आभासी मुद्रा भुना लेते हैं, तो वह हक़दारी वापसी-योग्य, विनिमय-योग्य या धनवापसी-योग्य नहीं होती है। यदि आप जापान में रहते हैं, तो आप किसी भी EA आभासी मुद्रा का उपयोग ख़रीद के दिनांक से 180 दिनों के भीतर करने के लिए सहमत हैं।

आप अपने स्वयं के ख़र्च पर EA सेवाओं तक पहुँचने और उनका उपयोग करने के लिए आवश्यक उपकरण, इंटरनेट कनेक्शन और शुल्क प्रदान करेंगे।

4. EA सेवाओं और अपडेट्स की उपलब्धता

ज़रूरी नहीं कि हमारे गेम्स और सेवाएँ हमेशा उपलब्ध हों या वे सभी डिवाइसेज़ पर काम करें। हम हमारे गेम्स और सेवाओं में अपडेट या परिवर्तन भी कर सकते हैं, जो आपके उपयोग या गेम की प्रगति को प्रभावित कर सकते हैं।

हम इस बात की गारंटी नहीं देते हैं कि कोई भी EA सेवा, कंटेन्ट या हक़दारी हर समय, सभी स्थानों पर, या किसी भी समय उपलब्ध होगी या यह कि हम किसी भी विशेष अवधि के लिए कोई EA सेवा, कंटेन्ट या हक़दारी विशेष प्रदान करना जारी रखेंगे। EA इस बात की गारंटी नहीं देता है कि EA सेवाओं को सभी डिवाइसेज़ पर, किसी इंटरनेट या कनेक्शन प्रदाता विशेष के माध्यम से, या सभी भौगोलिक स्थानों पर एक्सेस किया जा सकता है।

समय-समय पर, EA आपको सूचना दिए बिना किसी भी EA सेवा, कंटेन्ट या हक़दारी को अपडेट, परिवर्तित या संशोधित कर सकता है। EA सेवाओं का उपयोग जारी रखने के लिए ये अपडेट्स और संशोधन आवश्यक हो सकते हैं।

EA को गेम प्ले और EA सेवाओं के उपयोग को संतुलित करने के लिए कुछ पैरामीटर्स को अपडेट करने या रीसेट करने की आवश्यकता हो सकती है। ये अपडेट्स या "रीसेट्स" प्रासंगिक गेम की दुनिया के भीतर आपकी असफलता का कारण बन सकते हैं और आपके नियंत्रणाधीन चरित्रों, गेम्स, समूहों या अन्य हक़दारियों को प्रभावित कर सकते हैं।

EA आपके या EA के संरक्षण के लिए आपको सूचना दिए बिना आपके EA खाते और हक़दारियों पर भी कार्रवाई कर सकता है, जैसे अनधिकृत पहुँच को रोकना, EA खाता पासवर्ड्स को रीसेट करना, EA खाते तक पहुँच को स्थगित करना, डेटा मिटाना या EA सेवाओं से EA खातों को हटाना। EA सेवाओं के लिए आपकी उपलब्धता आचरण नियमावली के वास्तविक या संदिग्ध उल्लंघनों के जवाब में भी प्रभावित हो सकती है, जैसा आगे अनुभाग 6 में वर्णित है।

5. आपका UGC

आप EA और हमारे खिलाड़ियों को हमारे गेम्स और सेवाओं के भीतर आपके द्वारा अपलोड की गई या बनाई गई किसी भी चीज़ (UGC) का मुफ़्त में उपयोग करने की अनुमति देते हैं। आप अपने UGC के लिए ज़िम्मेदार हैं, यह आपका अपना कंटेन्ट या ऐसा कंटेन्ट होना चाहिए जिसका आपको उपयोग करने की अनुमति है।

आप अपने UGC के लिए ज़िम्मेदार हैं। आप ऐसा UGC अपलोड नहीं कर सकते हैं जो किसी तृतीय पक्ष के बौद्धिक संपदा अधिकारों का उल्लंघन करता है या जो क़ानून, इस अनुबंध या किसी तृतीय पक्ष की गोपनीयता के अधिकार या सार्वजनिकता के अधिकार का उल्लंघन करता है।

EA, अपने विवेकाधिकार में, किसी भी कारण से UGC को हटा, संपादित या अक्षम कर सकता है, जिसमें तब ऐसा करना शामिल है जब EA यथोचित रूप से यह निर्धारित करे कि UGC इस अनुबंध का उल्लंघन करता है। EA UGC के लिए, और उसे या किसी अन्य कंटेन्ट को हटाने या नहीं हटाने के लिए कोई ज़िम्मेदारी या दायित्व नहीं लेता है। EA सभी UGC की पूर्व-जाँच नहीं करता है और EA सेवाओं पर उपलब्ध किसी भी UGC का समर्थन या अनुमोदन नहीं करता है।

जब आप किसी UGC का योगदान करते हैं, तो आप EA, उसके लाइसेंसदाताओं और लाइसेंसधारकों को आपको या किसी भी तृतीय पक्ष को किसी भी प्रकार की अग्रिम सूचना, भुगतान या आरोपण के बिना, UGC या उसके किसी भी अंश का, किसी भी ढंग या रूप में और किसी भी माध्यम या मंच में, चाहे अभी ज्ञात हो या बाद में आविष्कृत, उपयोग, होस्टिंग, भंडारण, पुनरोत्पादन, संशोधन, व्युत्पन्नी कार्यों की रचना करने, सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने या अन्यथा संप्रेषित और संचारित करने का एक ग़ैर-अनन्य, स्थायी, हस्तांतरणीय, विश्वव्यापी, उप-लाइसेंस-योग्य लाइसेंस प्रदान करते हैं। आप किसी भी EA सेवा पर आपके UGC तक पहुँच सकने और उसका उपयोग कर सकने वाले सभी उपयोगकर्ताओं को भी, आपको कोई भी अतिरिक्त सूचना, आरोपण या क्षतिपूर्ति के बिना, प्रासंगिक EA सेवा पर या उसके माध्यम से, आपके UGC का उपयोग करने, उसकी प्रतिलिपि बनाने, उसमें संशोधन करने, उसका प्रदर्शन करने, निष्पादन करने, और उससे व्युत्पन्नी कार्यों की रचना करने का अधिकार प्रदान करते हैं।

6. आचरण नियमावली

हम चाहते हैं कि आप हमारे गेम्स खेलते हुए अच्छा समय बिताएँ। इसलिए हम आपसे उम्मीद करते हैं कि आप, सभी खिलाड़ियों की तरह, EA और अपने साथी खिलाड़ियों का सम्मान करें। इसका मतलब है, उदाहरण के लिए, क़ानून का पालन करें, धोखा न दें, अपमानजनक न हों, हमारे सॉफ़्टवेयर को हैक न करें, स्पैम या बॉट न करें, EA या हमारे खिलाड़ियों से झूठ न बोलें। ये मुख्य बिंदु हैं। क्या न करें इसकी पूरी सूची आचरण नियमावली में पढ़ें।

जब आप किसी EA सेवा को एक्सेस या उसका उपयोग करते हैं, तो आप सहमत होते हैं कि आप यह नहीं करेंगे:

इन नियमों को लागू करने के लिए हम आपकी गतिविधि की निगरानी कर सकते हैं और किसी भी UGC को हटा सकते हैं। यदि आप इन नियमों का पालन नहीं करते हैं, तो हम आपको चेतावनी दे सकते हैं, आपको निलंबित कर सकते हैं, आपको स्थायी रूप से प्रतिबंधित कर सकते हैं या आपके EA खाते, गेम या संबंधित सेवाओं पर अन्य प्रतिबंध लगा सकते हैं।

यदि आप या आपके EA खाते का उपयोग करने वाला कोई व्यक्ति इन नियमों का उल्लंघन करता है और चेतावनी के बाद इस उल्लंघन को दूर करने में विफल रहता है, तो EA आपके विरुद्ध कार्रवाई कर सकता है, जिसमें कुछ या सभी EA सेवाओं, कंटेन्ट या हक़दारियों तक पहुँच को रद्द करना, या अनुभाग 8 में वर्णित के अनुसार आपके EA खाते को समाप्त करना शामिल है। गंभीर उल्लंघनों के मामले में, EA अग्रिम चेतावनी जारी किए बिना ये कार्रवाइयाँ कर सकता है। गंभीर उल्लंघनों के कुछ उदाहरणों में ये शामिल हैं, पर वे इन्हीं तक सीमित नहीं हैं: EA की अनुमति के बिना EA खातों या हक़दारियों (आभासी मुद्राएँ और वस्तुएँ शामिल) की हैकिंग और बिक्री को बढ़ावा देना, प्रोत्साहित करना या उसमें संलग्न होना, अत्यधिक उत्पीड़न या डराने वाली ग़ैरक़ानूनी गतिविधियाँ। व्यावहारिक होने पर, EA आपको इन नियमों के उल्लंघन या इस अनुबंध के अतिक्रमण के जवाब में की जाने वाली कार्रवाई के बारे में सूचित करेगा।

कुछ EA सेवाएँ उन सेवाओं में आपके आचरण पर लागू होने वाले अतिरिक्त नियम पोस्ट कर सकती हैं।

यदि आपका सामना किसी ऐसे अन्य उपयोगकर्ता से होता है जो इनमें से किसी भी नियम का उल्लंघन कर रहा है, तो कृपया इस गतिविधि को प्रासंगिक EA सेवा में "सहायता" या "दुर्व्यवहार की शिकायत करें" फ़ंक्शन, यदि उपलब्ध हो, का उपयोग करके EA को सूचित करें, या help.ea.com/in/ पर ग्राहक सहायता से संपर्क करें।

EA, अपने विवेकाधिकार में, EA सेवाओं पर होने वाली ऑनलाइन गतिविधि या कंटेन्ट की निगरानी या रिकॉर्डिंग कर सकता है और अपने विवेक पर किसी भी EA सेवा से किसी भी कंटेन्ट को हटा सकता है। याद रखें कि किसी भी EA सेवा में आपके संचार (संदेश) और आपके UGC सार्वजनिक होते हैं और वे दूसरों द्वारा देखे जाएँगे।

EA सेवाओं का आपका उपयोग privacy.ea.com/in पर उपलब्ध EA की गोपनीयता और कुकी नीति के अधीन है, जिसे इस अनुबंध में संदर्भ द्वारा शामिल किया गया है।

7. गेम्स

यह अनुभाग हमारे गेम्स, विशेष रूप से PC गेम्स, और EA के स्वामित्व वाले गेम प्लेटफ़ॉर्म्स जैसे EA app या Origin पर लागू होता है।

यह अनुभाग EA के गेम्स और गेम सब्सक्रिप्शन्स ("EA गेम्स") पर लागू होता है, जिसमें वे EA गेम्स शामिल हैं जो पर्सनल कंप्यूटर पर चलते हैं ("EA PC गेम्स"), और वे EA के स्वामित्व वाले क्लाइंट एप्लिकेशन और संबंधित सेवाएँ शामिल हैं जो EA PC गेम्स का वितरण करती हैं (वर्तमान में "EA app" https://www.origin.com/en-in/about)।

A. तकनीकी और कंटेन्ट संरक्षण उपाय

हम पाइरेसी और धोखाधड़ी का मुकाबला करने के लिए विशिष्ट सुरक्षा सॉफ़्टवेयर का उपयोग करते हैं, और इससे छेड़छाड़ करने के परिणामस्वरूप हमारे गेम्स तक की पहुँच खो सकती है।

EA, EA गेम्स की पाइरेसी या उनके अनधिकृत प्रतिलिपिकरण अथवा उपयोग की रोकथाम के लिए EA सेवाओं हेतु EA या तृतीय-पक्ष भागीदारों द्वारा विकसित तकनीकी या कंटेन्ट संरक्षण उपायों का उपयोग करता है। इन उपायों को निष्प्रभावी करने, अक्षम करने या छेड़छाड़ करने का प्रयास करना इस लाइसेंस को समाप्त कर देगा।

B. EA app

हमारे PC गेम्स खेलने के लिए, आपको हमारे PC वितरण प्लेटफ़ॉर्म सॉफ़्टवेयर को स्थापित करने की आवश्यकता हो सकती है। हम स्वचालित रूप से सॉफ़्टवेयर अपडेट कर सकते हैं। हम निर्देश प्रदान करते हैं ताकि आप हमारे गेम्स और सॉफ़्टवेयर हटा सकें।

EA PC गेम्स खेलने के लिए, EA को आपको EA app क्लाइंट एप्लिकेशन या सक्सेसर एप्लिकेशन को इंस्टॉल करने और उसका उपयोग करने की आवश्यकता हो सकती है। EA app को EA PC गेम्स के आपके लाइसेंस के प्रमाणीकरण और सत्यापन ("प्रमाणित" या "प्रमाणीकरण") के लिए एक EA खाता, आपके द्वारा इस अनुबंध की स्वीकार्यता और एक इंटरनेट कनेक्शन चाहिए होता है।

किसी EA PC गेम से जुड़ी EA सेवाओं तक पहुँचने और उनका उपयोग करने के लिए, आपको पहले उस EA PC गेम के साथ संलग्न सीरियल कोड के साथ पंजीकरण कराना आवश्यक हो सकता है। EA PC गेम के साथ दिए गए सीरियल कोड को प्रमाणीकरण के दौरान सत्यापित किया जाएगा। प्रमाणीकरण प्रति सीरियल कोड एक EA खाते तक सीमित है, जिसका अर्थ है कि EA PC गेम हस्तांतरणीय नहीं है। आप EA PC गेम को 24 घंटे की किसी भी चलावधि के दौरान अधिकतम पाँच अद्वितीय मशीनों पर लॉन्च और एक्सेस कर सकते हैं।

EA app और EA PC गेम्स अपडेट, अपग्रेड और अतिरिक्त सुविधाओं को डाउनलोड और इंस्टॉल कर सकते हैं। आप सहमत हैं कि EA के पास कोई अपडेट या अपग्रेड उपलब्ध हो जाने और/या अतिरिक्त सुविधाओं का कार्यान्वयन हो जाने पर EA app के पिछले संस्करण(णों) का समर्थन करने का कोई दायित्व नहीं है। EA आपको इन समान नियमों के तहत EA app के अल्फा या बीटा संस्करण को डाउनलोड करने, स्थापित करने और उसका उपयोग करने का विकल्प प्रदान कर सकता है।

EA app क्लाइंट को हटाने के निर्देश EA की सहायता वेबसाइट help.ea.com/in/पर उपलब्ध हैं।

आप EA app इंटरफ़ेस का उपयोग करके किसी भी समय EA PC गेम्स हटा सकते हैं और किसी भी शेष, स्थानीय रूप से सहेजी गई फ़ाइलों को मिटा सकते हैं। गेम हटाने के बाद Punkbuster आपके कंप्यूटर पर बना रह सकता है। Punkbuster हटाने के लिए, https://www.evenbalance.com/downloads/pbsvc/pbsvc.exe पर उपलब्ध निष्पादन-योग्य फ़ाइल चलाएँ।

C. निगरानी और धोखा-रोधी उपाय

EA धोखाधड़ी या हैकिंग का पता लगाने के लिए सॉफ़्टवेयर स्थापित करता है। ये प्रोग्राम आपके कंप्यूटर पर मौजूद डेटा EA को भेजता है।

EA, EA सेवाओं के उपयोग में, और विशेष रूप से EA गेम्स में, धोखाधड़ी का पता लगाने और उसकी रोकथाम के लिए प्रौद्योगिकियों का उपयोग करता है। इन प्रौद्योगिकियों को EA या किसी तृतीय पक्ष द्वारा विकसित किया जा सकता है।

जब आप कोई ऑनलाइन-सक्षम गेम लॉन्च करते हैं, तो ये प्रौद्योगिकियाँ कर्णल, व्यवस्थापक (एडमिन) या उपयोगकर्ता विशेषाधिकारों का उपयोग करके सक्रिय हो सकती हैं, और अनुभाग 6 में वर्णित आचार संहिता को लागू करने तथा उसके उल्लंघनों, जिनमें अनधिकृत तृतीय-पक्ष प्रोग्राम का उपयोग शामिल है, का पता लगाने के प्रयोजनों से आपके गेमप्ले और डिवाइस की RAM, प्रक्रियाओं, संचारों और फ़ाइल भंडारण की निगरानी कर सकती हैं। अनधिकृत तृतीय-पक्ष प्रोग्राम ऐसा तृतीय-पक्ष प्रोग्राम होता है या फ़ाइल होती है (जैसे "एड-ऑन", "मॉड", "हैक", "ट्रेनर", या "चीट") जो EA के विश्वास में, (i) किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी को सक्षम या सुविधाजनक बनाता/ती है; (ii) उपयोगकर्ताओं को गेम इंटरफ़ेस, परिवेश और/या अनुभव को ऐसे तरीक़े से संशोधित या हैक करने की अनुमति देता है जो EA द्वारा स्पष्ट रूप से अधिकृत नहीं है; या (iii) गेम से आने या गुज़रने वाली जानकारी को बीच में पकड़ता है, जानकारी की "माइनिंग" करता है या उसे अन्यथा एकत्र करता है।

EA हमारे जाँच और प्रवर्तन के प्रयोजनों से आवश्यक प्रासंगिक जानकारी एकत्र कर सकता है जैसे आपके खाते की जानकारी, किसी अनधिकृत तृतीय-पक्ष प्रोग्राम से संबंधित विवरण, ऐसी EA PC गेम्स फ़ाइल्स जिन्हें संशोधित किया गया था, और यह कि कितनी बार या किन-किन मौक़ों पर धोखाधड़ी का पता चला था। यदि हम यह निर्धारित करते हैं कि आप धोखाधड़ी कर रहे हैं तो हम आपके लाइसेंस और आपके EA खाते को भी समाप्त कर सकते हैं।

जब आप किसी ऑनलाइन-सक्षम गेम से बाहर निकलते हैं, तो ये धोखा-रोधी प्रौद्योगिकियाँ निष्क्रिय हो जाती हैं।

8. समाप्ति और अन्य प्रतिबंध

यदि आप इस अनुबंध या क़ानून को तोड़ते हैं, तो EA धनवापसी किए बिना हमारे गेम्स और सेवाओं के आपके उपयोग को निलंबित या समाप्त कर सकता है।

यदि हम किसी गेम या सेवा को बंद करने का निर्णय लेते हैं, तो हम आपको कम-से-कम 30 दिन पहले बताएँगे।

यह अनुबंध आपके या EA द्वारा समाप्त होने तक प्रभावी है। यदि EA यह निर्धारित करता है कि आपने इस अनुबंध का उल्लंघन किया है या आपके EA खाते पर EA सेवाओं का अन्यथा ग़ैरक़ानूनी, अनुचित या धोखाधड़ी से उपयोग किया गया है तो EA किसी भी EA सेवा या आपके EA खाते की आपकी पहुँच और उपयोग को समाप्त कर सकता है। व्यावहारिक होने पर, EA आपको समाप्ति के बारे में सूचित करेगा। आप EA खाते की समाप्ति के फलस्वरूप अपना उपयोगकर्ता नाम और व्यक्तित्व खो सकते हैं। यदि आपके पास एक से अधिक EA खाते हैं तो, उल्लंघन या दुरुपयोग के प्रकार के आधार पर, EA आपके सभी EA खातों और सभी संबंधित हक़दारियों को समाप्त कर सकता है। यदि आपका EA खाता समाप्त कर दिया जाता है, तो आपके पास अपने EA खाते या हक़दारी तक पहुँच नहीं होगी और आपको फिर से किसी भी EA सेवा तक पहुँचने या उपयोग करने से रोका जा सकता है। समाप्त किए जाने पर, इस अनुबंध के तहत आपका लाइसेंस भी समाप्त हो जाएगा।

समाप्ति के स्थान पर और किसी भी समाप्ति से पहले, EA आपको एक चेतावनी जारी कर सकता है, किसी EA सेवा विशेष या आपके EA खाते तक आपकी पहुँच को निलंबित या परिवर्तित कर सकता है, EA खाते या डिवाइस के स्तर पर हक़दारी को हटा सकता है या रद्द कर सकता है, इस अनुबंध का उल्लंघन करने वाली किसी भी कंटेन्ट को हटा या मिटा सकता है, या आपके डिवाइस या मशीन को कुछ EA सेवाओं तक पहुँचने से प्रतिबंधित कर सकता है। यदि EA इस अनुभाग में वर्णित कोई कार्रवाई करता है, तो आप धनवापसी (किसी भी वैधानिक धनवापसी अधिकारों के अधीन) के हक़दार नहीं होंगे और कोई भी हक़दारी आपके पक्ष में जमा नहीं की जाएगी या नक़द या प्रतिपूर्ति के अन्य रूपों में परिवर्तित नहीं की जाएगी।

EA किसी भी समय किसी भी EA सेवा को या तो ईमेल के माध्यम से (यदि उपलब्ध हो), या प्रभावित EA सेवा के भीतर, या फिर EA की वेबसाइट (https://www.ea.com/service-updates) के सेवा अपडेट पेज पर कम-से-कम तीस दिनों की अग्रिम सूचना देकर समाप्त कर सकता है। ऑनलाइन सेवा समाप्ति के बाद, हमारे गेम्स पर कोई सॉफ़्टवेयर अपडेट लागू नहीं किया जाएगा और हम गारंटी नहीं दे सकते हैं कि हमारे गेम्स नए या अपडेट किए गए ऑपरेटिंग सिस्टम्स पर कार्य करना जारी रखेंगे या iOS App Store और Google Play Store जैसी एप्लिकेशन वितरण सेवाओं के माध्यम से डाउनलोड के लिए उपलब्ध होंगे। ऑनलाइन सेवा समाप्ति के बाद इस तरह की एप्लिकेशन वितरण सेवाओं के माध्यम से उपलब्ध किसी भी गेम को आपको कोई अतिरिक्त सूचना दिए बिना हटाया जा सकता है।

यदि आपको लगता है कि आपके खाते या डिवाइस के विरुद्ध ग़लती से कोई कार्रवाई की गई है, तो कृपया help.ea.com/in/ पर ग्राहक सहायता से संपर्क करें।

यदि आप इस अनुबंध को समाप्त करते हैं, तो आप EA सेवाओं के सभी उपयोग को रोकने के लिए सहमत हैं।

इस अनुबंध के अनुभाग 5, 8-9, 11-15 इस अनुबंध की समाप्ति के बाद भी प्रभावी रहते हैं।

9. डेटा का उपयोग

जब आप हमारे गेम्स खेलते हैं (यहाँ तक कि तब भी जब आप उन्हें ऑफ़लाइन खेलते हैं) तो EA हमारे व्यवसाय को संचालित करने, हमारे उत्पादों और सेवाओं को बेहतर बनाने, हमारे नियमों को लागू करने और आपसे संचार करने के लिए विभिन्न जानकारी एकत्र करता है। हम आपको privacy.ea.com/in पर EA की गोपनीयता और कुकी नीति पढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

जब आप किसी EA सेवा का उपयोग करते हैं, तो EA आपके कंप्यूटर या डिवाइस से डेटा एकत्र और भंडारित कर सकता है, जिसमें आपके कंप्यूटर या डिवाइस, हार्डवेयर, स्थापित सॉफ़्टवेयर और ऑपरेटिंग सिस्टम की जानकारी (जैसे IP पता और डिवाइस ID), आपके EA सेवा उपयोग, गेमप्ले और उपयोग के आँकड़ों, सिस्टम से व्यवहारों और परिधीय हार्डवेयर के बारे में जानकारी शामिल है। यदि आप कोई EA सेवा ऑफ़लाइन चलाते हैं, तो ये डेटा आपके डिवाइस पर भंडारित किया जाएगा और जब आपका डिवाइस इंटरनेट से कनेक्ट होगा तो वह डेटा EA को भेज दिया जाएगा। EA इस जानकारी का उपयोग अपने व्यवसाय को संचालित करने, अपने उत्पादों और सेवाओं को बेहतर बनाने, आपको सेवाएँ प्रदान करने और आपसे संचार करने (मार्केटिंग के प्रयोजनों से संचार करना शामिल), सॉफ़्टवेयर अपडेट प्रदान करने, गतिशील रूप से कंटेन्ट और सॉफ़्टवेयर समर्थन प्रस्तुत करने, इस अनुबंध को लागू करने, और बग्स को ठीक करने या अन्यथा आपके अनुभव को बेहतर बनाने के लिए करता है। यदि आप ऑनलाइन सेवाओं में भाग लेते हैं, तो EA गेम प्ले (स्कोर, रैंकिंग और उपलब्धियाँ शामिल) के बारे में सांख्यिकीय डेटा एकत्र, प्रयोग, भंडारित, संचारित और सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित कर सकता है, या आपके द्वारा बनाई गई व अन्य खिलाड़ियों के साथ साझा किए गए कंटेन्ट की पहचान कर सकता है।

आपका डेटा privacy.ea.com/in पर उपलब्ध EA की गोपनीयता और कुकी नीति के अनुसार EA Inc. द्वारा संयुक्त राज्य अमेरिका में एकत्र, प्रयोग, भंडारित और संप्रेषित किया जाता है।

आप EA PC गेम क्लाइंट के सेटिंग टैब में कुछ डेटा संग्रह प्राथमिकताओं को प्रबंधित कर सकते हैं।

10. अन्य सॉफ़्टवेयर, यूटिलिटीज़ और टूल्स

यदि हम हमारे गेम्स अपडेट करते हैं, तो आपको हमारे गेम खेलते रहने के लिए नए सॉफ़्टवेयर की आवश्यकता हो सकती है।

EA सेवाएँ आपके कंप्यूटर, एंटरटेनमेंट सिस्टम या डिवाइस पर EA या उसके लाइसेंसदाताओं की ओर से सॉफ़्टवेयर, सॉफ़्टवेयर अपडेट्स या पैच या अन्य यूटिलिटीज़ और टूल्स डाउनलोड करना आवश्यक कर सकती हैं या आपको ऐसा करने दे सकती हैं। ये प्रौद्योगिकियाँ विभिन्न प्लेटफ़ॉर्म्स पर अलग-अलग हो सकती हैं, और EA सेवाओं का प्रदर्शन आपके कंप्यूटर और अन्य उपकरणों के आधार पर अलग हो सकता है। आप समझते हैं कि EA सेवाओं का उपयोग जारी रखने के लिए इन प्रौद्योगिकियों के कुछ अपडेट्स ज़रूरी हो सकते हैं। इनमें से कुछ अपडेट्स में लॉक्ड सुविधाएँ या कंटेन्ट हो सकते हैं जिन तक पहुँचने के लिए आपको अतिरिक्त शुल्क का भुगतान करना होता है। आप EA द्वारा EA सेवाओं के लिए किसी भी उपलब्ध अपडेट को स्वचालित रूप से स्थापित किए जाने पर सहमति देते हैं। उपलब्ध अपडेट्स को स्थापित करने में विफलता EA सेवाओं को, जिनमें EA PC गेम्स शामिल हैं, न खेले जा सकने लायक बना सकती है।

11. तृतीय पक्ष

आप उन गेम सर्वर्स और सेवाओं के अपने उपयोग के लिए ज़िम्मेदार हैं जो EA के स्वामित्व में नहीं हैं।

कुछ EA सेवाएँ आपको ऐसे सर्वर्स पर खेलने का विकल्प दे सकती हैं जो EA के स्वामित्व या नियंत्रण में नहीं हैं। EA इन सेवाओं को नियंत्रित नहीं करता है और उन पर या उनके माध्यम से EA सेवा के आपके उपयोग के लिए ज़िम्मेदार नहीं है। ये तृतीय-पक्ष सेवाएँ आपको अतिरिक्त या भिन्न नियमों और प्रतिबंधों के अधीन कर सकती हैं।

EA सेवाओं में तृतीय-पक्ष वेबसाइट्स के हाइपरलिंक्स हो सकते हैं। वे साइट्स आपसे डेटा एकत्र कर सकती हैं या व्यक्तिगत जानकारी माँग सकती हैं। EA उन साइट्स को नियंत्रित नहीं करता है और उनके कंटेन्ट के लिए या उनके द्वारा व्यक्तिगत जानकारी के एकत्रण, उपयोग या प्रकटन के लिए ज़िम्मेदार नहीं है।

12. वॉरन्टी; देयता की सीमा

EA हमारे सॉफ़्टवेयर के बारे में कोई वचन नहीं देता है, पर आपके देश के स्थानीय क़ानून में कुछ वॉरन्टी हो सकती हैं। क़ानूनी दावों के लिए आप जो नुक़सान वसूल सकते हैं, वे सीमित हैं।

यदि आप यूरोपीय आर्थिक क्षेत्र (EEA), यूनाइटेड किंगडम या स्विट्जरलैंड में रहते हैं, तो EA सेवाओं को उचित देखभाल और कौशल प्रदान किया जाएगा और EA सेवाओं के बारे में कोई अन्य वचन या वॉरन्टी नहीं दी जाती हैं। यदि आप EEA, यूनाइटेड किंगडम और स्विट्जरलैंड के बाहर रहते हैं, तो EA सेवाओं को "जैसा है" के आधार पर लाइसेंस पर दिया और प्रदान किया जाता है। आप अपने जोखिम पर उनका उपयोग करते हैं। लागू क़ानून के तहत अनुमन्य पूरी सीमा तक, EA कोई व्यक्त, निहित या सांविधिक वॉरन्टी नहीं देता है, जिसमें व्यापारिकता, संतोषजनक गुणवत्ता, किसी प्रयोजन विशेष के लिए उपयुक्तता, तृतीय-पक्ष अधिकारों के ग़ैर-उल्लंघन की निहित वॉरन्टी, और लेनदेन, उपयोग या अभ्यास के क्रम में उत्पन्न होने वाली वॉरन्टी शामिल हैं। EA, उत्पाद या EA सेवा के आपके उपयोग में हस्तक्षेप के विरुद्ध वॉरन्टी नहीं देता है; यह कि EA सेवा आपकी आवश्यकताओं को पूरा करेगी; यह कि EA सेवा का संचालन निर्बाध या त्रुटियों, बग्स, भ्रष्टता, हानि, हस्तक्षेप, हैकिंग या वायरस से मुक्त होगा, या यह कि EA सेवाएँ किसी भी अन्य सॉफ़्टवेयर के साथ संचालन करेंगी या संगत होंगी। EA EA APP स्टोर के माध्यम से पेश किए गए किसी भी तृतीय-पक्ष उत्पाद या सेवा की वॉरन्टी या गारंटी नहीं देता है। अपने राज्य-क्षेत्र में सांविधिक वॉरन्टीऔर अन्य सांविधिक उपभोक्ता अधिकारों के बारे में अधिक जानकारी के लिए https://help.ea.com/en-in/help/account/electronic-arts-warranty-policy/ देखें, और ऑस्ट्रेलियाई उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध अधिकारों के लिए https://help.ea.com/en-au/help/account/electronic-arts-warranty-policy/ देखें।

यदि आप EEA, यूनाइटेड किंगडम या स्विट्जरलैंड में रहते हैं, तो EA और उसके कर्मचारी, लाइसेंसदाता और व्यावसायिक साझेदार आपके कृत्यों या इस अनुबंध के उल्लंघन से उत्पन्न होने वाले या हमारे नियंत्रण से परे किसी तृतीय पक्ष (या किसी अन्य) के कृत्यों या चूक के परिणामस्वरूप उत्पन्न होने वाले किसी भी नुक़सान या क्षति के लिए आपके प्रति उत्तरदायी नहीं होंगे। यदि आप EEA, यूनाइटेड किंगडम और स्विट्जरलैंड के बाहर रहते हैं, तो लागू क़ानून द्वारा अनुमन्य पूरी सीमा तक, EA और उसके कर्मचारी, लाइसेंसदाता और व्यावसायिक भागीदार EA के इस अनुबंध के उल्लंघन के कारण नहीं हुए किसी भी नुक़सान, या अप्रत्यक्ष, प्रासंगिक, परिणामी, दंडात्मक या विशेष नुक़सान के लिए आपके प्रति उत्तरदायी नहीं होंगे। अपवर्जित नुक़सानों के प्रकारों में, उदाहरण के लिए, वित्तीय हानि (जैसे आय या मुनाफ़े की हानि), स्थानापन्न वस्तुओं या सेवाओं की लागत, व्यवसाय में रुकावट या ठहराव, डेटा की हानि, साख की हानि, और कंप्यूटर की विफलता या ख़राबी शामिल हैं। यह सीमाबंधन इस लाइसेंस या EA सेवा से उत्पन्न होने वाले या उससे संबंधित किसी भी दावे पर लागू होता है, चाहे वह अनुबंध में हो, अपकृत्य में हो, संविधि में हो, कठोर देयता में हो या अन्यथा हो। यह तब भी लागू होता है जब EA को इस तरह के नुक़सान की संभावना के बारे में जानकारी थी या होनी चाहिए थी। आप केवल प्रत्यक्ष नुक़सान वसूल सकते हैं पर उसकी राशि लागू EA सेवा के लिए आपके द्वारा वास्तव में चुकाई गई राशि से अधिक नहीं होगी। EA धोखाधड़ी, सकल लापरवाही, जानबूझकर कदाचार, या मृत्यु या व्यक्तिगत चोट के लिए अपनी देयता को सीमित नहीं करता है। कुछ क्षेत्राधिकार उपरोक्त अपवर्जन और सीमाबंधनों की अनुमति नहीं देते हैं, इसलिए हो सकता है कि उनमें से कुछ या सभी आप पर लागू न हों।

यदि आपने संयुक्त राज्य अमेरिका में किसी भौतिक खुदरा स्टोर से EA सेवा की भौतिक प्रतिलिपि ख़रीदी है और आप इस अनुबंध के नियमों से सहमत नहीं हैं और आपने EA सेवा को स्थापित या प्रयोग नहीं किया है, तो आप इसे https://help.ea.com/en-in/help/account/electronic-arts-warranty-policy/ पर उपलब्ध वापसी के निर्देशों का पालन करके ख़रीद के दिनांक से तीस (30) दिनों के भीतर ख़रीद के मूल स्थान पर धनवापसी या विनिमय के लिए लौटा सकते हैं।

13. सामान्य नियम

A. संपूर्ण अनुबंध

इस अनुबंध को केवल लिखित रूप में और EA के हस्ताक्षर द्वारा बदला जा सकता है।

यह अनुबंध, उन किसी भी अन्य EA नियमों के साथ जो EA सेवाओं के आपके उपयोग को नियंत्रित करते हैं, आपके और EA के बीच पूरे अनुबंध का गठन करता है। इस अनुबंध को तब तक संशोधित या आशोधित नहीं किया जा सकता है जब तक ऐसा लिखित रूप में न किया जाए और उस पर EA द्वारा हस्ताक्षर न किया जाए। इस अनुबंध के तहत प्राप्त किसी भी अधिकार का उपयोग करने में EA की विफलता का अर्थ उस अधिकार या किसी अन्य अधिकार का त्याग नहीं होगा। यदि इस अनुबंध के किसी भी हिस्से को अप्रवर्तनीय माना जाता है, तो इस अनुबंध के अन्य सभी हिस्से पूरे बल और प्रभाव से लागू बने रहेंगे।

B. अभिशासी क़ानून

यदि आप संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा या जापान में रहते हैं, तो यह अनुबंध आपके और Electronic Arts Inc. के बीच है। यदि आप किसी अन्य देश में रहते हैं, तो यह अनुबंध आपके और EA Swiss Sàrl के बीच है।

यदि आप EEA, यूनाइटेड किंगडम, स्विट्जरलैंड, ब्राजील, हांगकांग, मेक्सिको या रूस में रहते हैं तो, (i) यह अनुबंध आपके और EA Swiss Sàrl के बीच है, जो जेनेवा कंपनीज़ रजिस्ट्री में पंजीकृत एक कंपनी है जिसकी कंपनी पंजीकरण संख्या: CH-660-2328005-8 है और जिसका कार्यालय 8 Place du Molard, 1204 जेनेवा, स्विट्ज़रलैंड में स्थित है; (ii) आपके निवास के देश के क़ानून इस अनुबंध और EA सेवाओं के आपके उपयोग को नियंत्रित करते हैं; और (iii) आप स्पष्ट रूप से सहमत हैं कि इस अनुबंध या EA सेवाओं से उत्पन्न होने वाले किसी भी दावे या कार्रवाई के लिए अनन्य क्षेत्राधिकार आपके निवास के देश के न्यायालय होंगे।

यदि आप कोरिया गणराज्य में रहते हैं तो, (i) यह अनुबंध आपके और EA Swiss Sàrl के बीच है, जो जेनेवा कंपनीज़ रजिस्ट्री में पंजीकृत एक कंपनी है जिसकी कंपनी पंजीकरण संख्या: CH-660-2328005-8 है और जिसका कार्यालय 8 Place du Molard, 1204 जेनेवा, स्विट्ज़रलैंड में स्थित है; (ii) कोरिया के क़ानून, उसके विधि-वैषम्य के नियमों को छोड़कर, इस अनुबंध और EA सेवाओं के आपके उपयोग को नियंत्रित करते हैं; और (iii) आप स्पष्ट रूप से सहमत हैं कि इस अनुबंध या EA सेवाओं से उत्पन्न होने वाले किसी भी दावे या कार्रवाई के लिए अनन्य क्षेत्राधिकार कोरिया के न्यायालय होंगे।

यदि आप संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा या जापान में रहते हैं तो, (i) यह अनुबंध आपके और Electronic Arts Inc., 209 Redwood Shores Parkway, Redwood City, CA 94065, संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच है; (ii) कैलिफ़ोर्निया राज्य के क़ानून, उसके विधि-वैषम्य के नियमों को छोड़कर, इस अनुबंध और EA सेवाओं के आपके उपयोग को नियंत्रित करते हैं; और (iii) आप स्पष्ट रूप से सहमत हैं कि उन दावों और विवादों के लिए जो नीचे दिए गए मध्यस्थता अनुबंध के अधीन नहीं है, इस अनुबंध या EA सेवाओं से उत्पन्न होने वाले किसी भी दावे या कार्रवाई के लिए अनन्य क्षेत्राधिकार वे संघीय या राज्य न्यायालय होंगे जो सैन माटेओ काउंटी, कैलिफ़ोर्निया को अभिशासित करते हैं, और आप स्पष्ट रूप से उक्त न्यायालयों के व्यक्तिगत क्षेत्राधिकार के उपयोग पर सहमति देते हैं।

यदि आप किसी अन्य देश में रहते हैं तो, (i) यह अनुबंध आपके और EA Swiss Sàrl के बीच है, जो जेनेवा कंपनीज़ रजिस्ट्री में पंजीकृत एक कंपनी है जिसकी कंपनी पंजीकरण संख्या: CH-660-2328005-8 है और जिसका कार्यालय 8 Place du Molard, 1204 जेनेवा, स्विट्ज़रलैंड में स्थित है; (ii) कैलिफ़ोर्निया राज्य के क़ानून, उसके विधि-वैषम्य के नियमों को छोड़कर, इस अनुबंध और EA सेवाओं के आपके उपयोग को नियंत्रित करते हैं; और (iii) आप स्पष्ट रूप से सहमत हैं कि उन दावों और विवादों के लिए जो नीचे दिए गए मध्यस्थता अनुबंध के अधीन नहीं है, इस अनुबंध या EA सेवाओं से उत्पन्न होने वाले किसी भी दावे या कार्रवाई के लिए अनन्य क्षेत्राधिकार वे संघीय या राज्य न्यायालय होंगे जो सैन माटेओ काउंटी, कैलिफ़ोर्निया को अभिशासित करते हैं, और आप स्पष्ट रूप से उक्त न्यायालयों के व्यक्तिगत क्षेत्राधिकार के उपयोग पर सहमति देते हैं।

वस्तुओं की अंतरराष्ट्रीय बिक्री के अनुबंधों पर संयुक्त राष्ट्र संधिपत्र (विएना, 1980) इस अनुबंध या इस अनुबंध से उत्पन्न या से संबंधित किसी भी विवाद पर लागू नहीं होगा।

C. निर्यात

आपको सभी निर्यात क़ानूनों का पालन करना होगा और आप सहमत हैं कि आप निर्यात क़ानूनों के तहत निषिद्ध व्यक्ति नहीं हैं।

आप अमेरिका के और अन्य निर्यात नियंत्रण क़ानूनों का पालन करने के लिए सहमत हैं और ऐसे किसी भी विदेशी नागरिक, या राष्ट्रीय गंतव्य को EA सेवा को स्थानांतरित नहीं करने पर सहमत हैं, जो इस तरह के क़ानूनों द्वारा निषिद्ध है। आप यह भी अभिस्वीकृति देते हैं कि आप एक ऐसे व्यक्ति नहीं हैं जिसके साथ EA को इन निर्यात नियंत्रण क़ानूनों के तहत व्यवसाय करने से निषिद्ध किया गया है।

14. इस अनुबंध में बदलाव

EA इस अनुबंध को किसी भी समय अपडेट कर सकता है। यदि आप कुछ सार्थक परिवर्तनों से सहमत नहीं हैं, तो आप हमारे गेम्स नहीं खेल सकते हैं।

EA समय-समय पर इस अनुबंध को संशोधित कर सकता है, इसलिए कृपया प्रायः इसे ध्यान से पढ़ें। उन EA खिलाड़ियों के लिए जिन्होंने इस अनुबंध के पिछले संस्करण को स्वीकार किया था, संशोधन terms.ea.com/in पर पोस्ट होने के 30 दिनों के बाद प्रभावी हो जाएँगे। EA सेवाओं के आपके निरंतर उपयोग का मतलब है कि आप परिवर्तनों को स्वीकार करते हैं। एक बार जब आप अनुबंध के किसी संस्करण को स्वीकार कर लेते हैं, तो हम भावी महत्वपूर्ण परिवर्तनों पर आपकी स्पष्ट सहमति लिए बिना उन्हें लागू नहीं करेंगे। यदि आपको इस अनुबंध के महत्वपूर्ण परिवर्तनों को स्वीकार करने के लिए कहा जाता है और आप ऐसा करने से इनकार करते हैं, तो आप प्रदान की गई EA सेवा का उपयोग जारी नहीं रख सकते हैं।

15. बाध्यकारी मध्यस्थता द्वारा विवाद समाधान

यह अनुभाग केवल तभी लागू होता है जब आप क्यूबेक, रूस, स्विट्जरलैंड, ब्राजील, मेक्सिको, EEA के सदस्य राज्यों, यूनाइटेड किंगडम और कोरिया गणराज्य के बाहर रहते हैं।

यदि आपका कोई विवाद है, तो आप EA को लिखित में विवरण भेजने के लिए और फिर मध्यस्थता करने के लिए सहमत हैं। आप सहमत हैं कि EA के विरुद्ध आपके द्वारा किया गया कोई भी दावा आपकी व्यक्तिगत क्षमता में है, न कि वर्ग सदस्य, वर्ग प्रतिनिधि, या सामूहिक कार्रवाई के हिस्से के रूप में।

यह अनुभाग उन सभी उपभोक्ताओं और लोगों पर लागू होता है जिन्होंने इस अनुबंध के नियमों को स्वीकार किया था। इसमें क्यूबेक, रूस, स्विट्जरलैंड, ब्राजील, मेक्सिको, EEA के सदस्य राज्यों, यूनाइटेड किंगडम और कोरिया गणराज्य के निवासी शामिल नहीं हैं। इस अनुबंध के नियमों को स्वीकार करने के द्वारा, आप और EA स्पष्ट रूप से निर्णायक मंडल द्वारा परीक्षण के अधिकार और सामूहिक कार्रवाई में भाग लेने के अधिकार को त्यागते हैं।

यह अनुभाग 15 हमारे बीच के विवादों, यदि वे उत्पन्न होते हैं, को हल करने का एक सुव्यवस्थित तरीक़ा प्रदान करता है। आपकी अधिकांश चिंताओं को help.ea.com/in/ पर अपने खाते के अंदर EA ग्राहक सहायता इंटरफ़ेस में लॉग इन करके जल्दी और संतोषजनक ढंग से हल किया जा सकता है। यदि EA आपकी चिंता को हल नहीं कर सकता है, तो आप और EA हमारे बीच किसी भी और सभी विवादों को हल करने के लिए इस अनुभाग में निर्धारित प्रक्रिया से बाध्य होने पर सहमत हैं।

यह अनुभाग 15 आपके और EA के बीच एक अनुबंध है, और हमारे संबंधित अभिकर्ताओं, कर्मचारियों, अनुषंगी कंपनियों, पूर्ववर्तियों, उत्तरवर्तियों, लाभार्थियों और समनुदेशितियों पर लागू होता है। यह मध्यस्थता अनुबंध अंतरराज्यीय वाणिज्य में एक लेनदेन साबित करता है, और इसलिए Federal Arbitration Act इस अनुभाग 15 की व्याख्या और प्रवर्तन को और इस अनुभाग के तहत किए गए किसी भी मध्यस्थता को नियंत्रित करता है। इस अनुभाग 15 की व्यापक रूप से व्याख्या की जाएगी और यह इस अनुबंध की समाप्ति के बाद भी प्रभावी रहेगा।

A. मध्यस्थता द्वारा कवर किए गए दावे

इस अनुबंध, किसी भी EA सेवा और उसके विपणन, या आपके और EA के बीच के संबंध से उत्पन्न या से संबंधित समस्त विवाद, दावे या झगड़े, जिसमें इस अनुभाग 15 की वैधता, प्रवर्तनीयता और दायरा शामिल हैं ("विवाद"), अनन्य रूप से बाध्यकारी मध्यस्थता द्वारा निर्धारित किए जाएँगे। इसमें वे दावे शामिल हैं जो यह अनुबंध करने से पहले उपचित हुए थे। इस अनुभाग 15 द्वारा कवर नहीं किए गए एकमात्र विवाद वे दावे हैं जो (i) आपके, EA के या EA के लाइसेंसदाताओं के ट्रेड रहस्यों, कॉपीराइट, ट्रेडमार्क या पेटेंट अधिकारों के अतिक्रमण, संरक्षण या वैधता के संबंध में हैं; (ii) यदि आप ऑस्ट्रेलिया में रहते हैं तो, ऑस्ट्रेलियाई उपभोक्ता क़ानून के तहत किसी सांविधिक उपभोक्ता अधिकार को लागू करने के लिए किए गए हैं; और (iii) छोटे दावों वाले न्यायालय में लाए गए हैं।

B. अनौपचारिक समझौता वार्ताएँ

जो भी विवाद हो उसे आप और EA मध्यस्थता शुरू करने से पहले कम-से-कम 30 दिनों तक अनौपचारिक रूप हल करने का प्रयास करेंगे। अनौपचारिक समझौता वार्ता एक पक्ष से दूसरे पक्ष को लिखित सूचना ("विवाद सूचना") प्राप्त होने पर शुरू होती है। विवाद सूचना में निम्नलिखित होना आवश्यक है: (a) शिकायत करने वाले पक्ष का पूरा नाम और संपर्क जानकारी; (b) दावे या विवाद की प्रकृति और आधार का वर्णन; और (c) माँगी गई विशिष्ट राहत का वर्णन। EA आपके बिलिंग या ईमेल पते पर अपनी ‘विवाद सूचना’ भेजेगा। आप अपनी ‘विवाद सूचना’ यहाँ भेजेंगे: Electronic Arts Inc., 209 Redwood Shores Parkway, Redwood City CA 94065, ATTENTION: Legal Department (ध्यानार्थ: Legal Department)।

C. बाध्यकारी मध्यस्थता

यदि आप और EA किसी विवाद को अनौपचारिक रूप से हल नहीं कर सकते हैं, तो आप या EA विवाद को अंततः और अनन्य रूप से बाध्यकारी मध्यस्थता द्वारा हल किए जाने का विकल्प चुन सकते हैं। एक पक्ष द्वारा मध्यस्थता का चुनाव दूसरे पक्ष पर अंतिम और बाध्यकारी होगा। मध्यस्थता को American Arbitration Association द्वारा अपने Consumer Arbitration Rules ("AAA Consumer Rules") के तहत निम्नलिखित संशोधनों के साथ प्रशासित किया जाएगा; उक्त नियम www.adr.org पर या 1-800-778-7879 पर कॉल करके उपलब्ध हैं:

1. मध्यस्थता शुल्क और लागत AAA Consumer Rules द्वारा नियंत्रित होंगे। यदि इस तरह की लागत मध्यस्थ द्वारा अत्यधिक पाई जाती है, या यदि आप EA को ऊपर दिए गए पते पर इस आशय की विवाद सूचना भेजते हैं कि आप मध्यस्थता शुरू करने के लिए आवश्यक प्रशासनिक शुल्क का भुगतान करने में असमर्थ हैं, तो EA सभी AAA प्रशासनिक शुल्कों का भुगतान करेगा।

2. यदि विवाद $25,000 से अधिक नहीं है, तो मध्यस्थता पूरी तरह से लिखित निवेदनों के आधार पर संचालित होगा।

3. पक्षगण कार्यवाहियों के दौरान कोई भी निपटारी प्रस्ताव (एक या अधिक) ला सकते हैं।

4. मध्यस्थ लिखित में एक निर्णय लेगा, जिसमें वे जाँच-परिणाम और निष्कर्ष शामिल होंगे जिन पर निर्णय आधारित है। मध्यस्थ को लागू क़ानून द्वारा अनुमन्य कोई भी राहत को जारी करने का अधिकार है, लेकिन मध्यस्थ के पास व्यक्तिगत आधार को छोड़कर अन्य किसी भी आधार पर कोई राहत जारी करने का कोई अधिकार नहीं होगा। मध्यस्थ केवल राहत की माँग करने वाले एकल पक्ष के पक्ष में ही घोषणात्मक या विध्यर्थक राहत प्रदान कर सकता है और वह भी केवल उस पक्ष के व्यक्तिगत दावे द्वारा आवश्यक की गई राहत प्रदान करने के लिए आवश्यक सीमा तक।

मध्यस्थ को लागू क़ानून का पालन करना होगा, और यदि मध्यस्थ ऐसा करने में विफल रहता है तो किसी भी अधिनिर्णय को चुनौती दी जा सकती है। आप और EA मध्यस्थता अनिवार्य करने के लिए, लंबित मध्यस्थता को आगे बढ़ाना स्थगित करने के लिए, या मध्यस्थ द्वारा दर्ज किए गए अधिनिर्णय की पुष्टि करवाने, को संशोधित करवाने, रिक्त करवाने या उस पर निर्णय दर्ज करवाने के लिए न्यायालय में मुक़दमा चला सकते हैं।

D. सीमाबंधन

आप और EA इस बात से सहमत हैं कि प्रत्येक पक्ष केवल आपकी या अपनी व्यक्तिगत क्षमता में दूसरे के विरुद्ध दावे कर सकता है, न कि सभी विवादों की किसी कथित वर्गीय या प्रतिनिधि कार्यवाही में किसी वादी या वर्ग सदस्य के रूप में। मध्यस्थ आपके दावों के साथ किसी अन्य व्यक्ति के दावों को समेकित नहीं करेगा, और किसी भी प्रकार के प्रतिनिधि या वर्गीय कार्यवाही की अध्यक्षता नहीं करेगा। यदि यह पैरा D अप्रवर्तनीय पाया जाता है, तो यह संपूर्ण मध्यस्थता अनुबंध अकृत व शून्य होगा।

E. स्थान

यदि आप संयुक्त राज्य अमेरिका में रहते हैं, तो मध्यस्थता उस काउंटी में होगा जिसमें आप रहते हैं। संयुक्त राज्य अमेरिका से बाहर के निवासियों के लिए, मध्यस्थता सैन माटेओ काउंटी, कैलिफोर्निया राज्य, संयुक्त राज्य अमेरिका में शुरू होगा, और आप और EA मध्यस्थता अनिवार्य करने के लिए, लंबित मध्यस्थता को आगे बढ़ाना स्थगित करने के लिए, या मध्यस्थ द्वारा दर्ज किए गए अधिनिर्णय की पुष्टि करवाने, को संशोधित करवाने, रिक्त करवाने या उस पर निर्णय दर्ज करवाने के लिए उस न्यायालय के व्यक्तिगत क्षेत्राधिकार की अधीनता स्वीकारने पर सहमत हैं।

F. पुनर्प्राप्ति

यदि मध्यस्थ EA के विरुद्ध आपके द्वारा किए गए किसी दावे के गुणों के आधार पर आपके पक्ष में निर्णय देता है और उसके द्वारा आपके लिए जारी किए गए अधिनिर्णय की राशि, EA द्वारा मध्यस्थ के समक्ष उसके अंतिम लिखित निवेदन प्रस्तुत किए जाने से पहले की गई EA की अंतिम लिखित निपटान पेशकश से अधिक है तो EA:

1. आपको आपके मध्यस्थता अधिनिर्णय की राशि के 150% का भुगतान करेगा जो आपके मध्यस्थता अधिनिर्णय की राशि से अधिकतम $5,000 USD अधिक होगा; और

2. उस मध्यस्थता शुल्क की प्रतिपूर्ति देगा जिसका भुगतान आपने AAA को किया है।

G. इस मध्यस्थता अनुबंध में बदलाव

EA इस मध्यस्थता अनुबंध में महत्वपूर्ण बदलाव तब लागू नहीं करेगा जब तक आप बदलावों से स्पष्टतः सहमत न हों।

H. विच्छेदनीयता

यदि इस अनुभाग 15 के भीतर का कोई खंड (ऊपर पैराग्राफ D में सामूहिक कार्रवाई अधित्याग खंड को छोड़कर) इसलिए अप्रवर्तनीय पाया जाता है क्योंकि वह किसी दावे या उपाय विशेष (जैसे सार्वजनिक विध्यर्थक राहत) को असंभव बना देगा, तो उस दावे या उपाय (और केवल उस दावे या उपाय) को मध्यस्थता से अलग किया जाना आवश्यक होगा और उसे न्यायालय में लाया जा सकता है, जबकि कोई भी शेष दावे या उपाय मध्यस्थता के माध्यम से हल किए जाएँगे। यदि इस अनुभाग 15 के भीतर का कोई खंड (ऊपर पैराग्राफ D में उल्लिखित सामूहिक कार्रवाई अधित्याग खंड को छोड़कर) किसी अन्य कारण से अप्रवर्तनीय पाया जाता है, तो उस खंड को इस अनुभाग 15 से अलग कर दिया जाएगा और इस अनुभाग 15 का शेष भाग पूरे बल और प्रभाव से लागू रहेगा।

16. PlayStation® के लिए अनुपूरक नियम

PlayStation™Store से की गईं ख़रीदों पर अतिरिक्त नियम लागू होते हैं।

A. उत्तरी अमेरिका में PlayStation™Store से की गईं ख़रीदों के लिए

Purchase and use of items are subject to the Network Terms of Service and User Agreement. This online service has been sublicensed to you by Sony Interactive Entertainment America.

B. यूरोप में PlayStation™Store से की गईं ख़रीदों के लिए

Any content purchased in an in-game store will be purchased from Sony Interactive Entertainment Network Europe Limited ("SIENE") and be subject to PlayStation™Network Terms of Service and User Agreement which is available on the PlayStation™Store. Please check usage rights for each purchase as these may differ from item to item. Unless otherwise shown, content available in any in-game store has the same age rating as the game.

17. मोबाइल डिवाइसेस हेतु ख़रीदारियों पर लागू अनुपूरक नियम

मोबाइल डिवाइस के लिए की गईं ख़रीदों पर अतिरिक्त नियम लागू होते हैं।

यदि आप संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा या जापान में रहते हैं, तो मोबाइल डिवाइस पर उपयोग के लिए EA से खरीदे गए कंटेन्ट और हक़दारी का विक्रेता Electronic Arts Inc. है। यदि आप किसी अन्य देश में रहते हैं, तो EA से खरीदे गए ऐसे कंटेन्ट और हक़दारी का विक्रेता EA Swiss Sàrl है। मोबाइल एप स्टोर पर कंटेन्ट और हक़दारी के विक्रेता के रूप में जो भी EA अनुषंगी कंपनी स्पष्ट की गई हो वह Electronic Arts Inc. या EA Swiss Sàrl के अभिकर्ता के रूप में अपनी क्षमता में कार्य कर रही है।



पिछला अपडेट: 30 जून, 2022

मौजूदा यूज़र एग्रीमेंट